(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)
अनूपपुर (अंचलधारा) श्री राम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण के लिये निधि समर्पण महाअभियान के दौरान श्रद्धालु - भक्त परिवारों का समर्पण एवं उत्साह खुल कर देखने को मिल रहा है। बुधवार , 20 जनवरी को महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रचारक प्रवीण गुप्ता की उपस्थिति में जिले के वरिष्ठ व्यवसायियों, गणमान्य नागरिकों द्वारा पूरे उत्साह के साथ बढ - चढ कर निधि समर्पण किया गया। वहीं दूसरी ओर संघ के प्रचारक उस वक्त भावविभोर हो गये, जब वे नगर के वार्ड क्रमांक 13 में निवासरत एक परिवार के बीच प्रवास पर पहुंचे । वहाँ परिवार की बुजुर्ग महिला ने श्री राम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण हेतु खुशी - खुशी पूरी श्रद्धा के साथ अपने पेंशन की राशि समर्पित कर दी। सेवानिवृत्त अधिकारी स्व श्री बी के द्विवेदी की धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री देवी ने घर पर संपर्क हेतु पहुंचे प्रांत प्रचारक श्री प्रवीण गुप्ता के साथ आगंतुकों को सच्चा रामसेवक बतलाते हुए उनके माथे पर रोली - अक्षत का टीका कर ,उनकी आरती उतारी।
श्रद्धानवत द्विवेदी परिवार की बुजुर्ग मुखिया ने पूरे आस्था - श्रद्धा का परिचय देते हुए एक लाख ग्यारह हजार एक सौ एक रुपये की निधि श्री राम चरणों में अर्पित की। सेवानिवृत्त किसी बुजुर्ग महिला का मन्दिर निर्माण हेतु यह समर्पण अनुकरणीय एवं सराहनीय माना जा रहा है।
इस बावत जब श्रीमती द्विवेदी जी लोगों ने बात की तो उन्होंने कहा कि इसमें मैंने कुछ भी नहीं किया। सब कुछ भगवान का है...यह तन, मन , धन..सब कुछ भगवान श्री राम का...समर्पण की प्रेरणा भी उनकी, समर्पण भी उन्ही का। तेरा तुझको अर्पण ,क्या लागे मेरा ? यह हमारा सौभाग्य है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक हमारे घर श्रीराम सेवक के रुप में पधारे तथा हमे सेवा का अवसर प्रदान किया। इसी अवसर पर नगर के युवा समाजसेवी अभय पाण्डेय ने भी एक लाख ग्यारह हजार रुपये तथा चचाई के इंजीनियर सुरेन्द्र भदौरिया , पूर्व विधायक रामलाल रौतेल, शिक्षक राजेन्द्र तिवारी ने इंक्यावन - इंक्यावन हजार रुपये समर्पित किया।

0 Comments