Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

पुष्पराजगढ़ विधायक के नेतृत्व में जिला कांग्रेस ने जी एम के नाम अनूपपुर स्टेशन प्रबंधक को दिया ज्ञापन

 

वेंकटनगर,निगौरा स्टेशनों
 पर स्टॉपेज सहित अन्य मांगे 
(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)
अनूपपुर (अंचलधारा न्यूज़ अपडेट) पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान सहित कांग्रेस जनों की उपस्थिति में बिलासपुर रेलवे महाप्रबंधक के नाम अनूपपुर स्टेशन मास्टर को कांग्रेस जनों ने जिला कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालकर अनूपपुर जंक्शन स्टेशन पहुंचकर स्टेशन प्रबंधक को ज्ञापन दिया।
           जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह ने ज्ञापन का वाचन किया।जिसमें प्रमुख रूप से अनूपपुर जिले की रेलवे एवं जनसुविधाओं से संबंधित लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की बातों का लेख किया गया।
         ज्ञापन में कहा गया कि जिला मुख्यालय अनूपपुर, पुष्पराजगढ़,कोतमा विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से रेलवे से जुड़ी अनेक मूलभूत समस्याओं का सामना कर रही है।इन समस्याओं के निराकरण हेतु पूर्व में भी कई बार मांग पत्र एवं पत्राचार किए गए,किंतु आज दिनांक तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हो सकी है।इसके कारण आम नागरिकों, यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं व्यापारियों को निरंतर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
                      जनहित एवं यात्री सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस जनों ने कुछ प्रमुख मांगों के निराकरण की अपेक्षा रेलवे से की है।जिसमें प्रमुख रूप से वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख यात्री ट्रेनों का ठहराव (स्टॉपेज) तत्काल प्रारंभ किया जाए। बिलासपुर मंडल के अधिकारियों द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों का शीघ्र पालन सुनिश्चित किया जाए।
अनूपपुर रेलवे आरक्षण केंद्र के समय में की गई कटौती को समाप्त कर पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए,जिससे यात्रियों को समय पर आरक्षण सुविधा उपलब्ध हो सके।
            अनूपपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 से प्लेटफॉर्म क्रमांक-3 तक निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए,ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।अनूपपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेशन एरिया के बाहर सुलभ कॉम्प्लेक्स (सार्वजनिक शौचालय) का निर्माण शीघ्र कराया जाए,जिससे यात्रियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छ एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
                   अनूपपुर रेलवे ओवरब्रिज के वर्षों से लंबित निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए,जिससे शहरवासियों को यातायात जाम एवं आवागमन की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।चिरमिरी-रीवा एक्सप्रेस एवं रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस वर्तमान में सप्ताह में सीमित दिनों तक संचालित हो रही हैं,जबकि कोरोना काल से पूर्व इन ट्रेनों का संचालन प्रतिदिन होता था।अनूपपुर जिले के बिजुरी एवं कोतमा क्षेत्र के यात्रियों को इससे भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।अतः जनहित में दोनों ट्रेनों का संचालन पुनः प्रतिदिन किया जाए।शहडोल रेलवे स्टेशन से नागपुर स्टेशन तक संचालित प्रतिदिन एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार कर इसे अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से नागपुर स्टेशन तक संचालित किया जाए तथा अनूपपुर जिले के बिजुरी,कोतमा एवं अनूपपुर रेलवे स्टेशनों पर इसका ठहराव सुनिश्चित किया जाए।पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को द्वारा वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशनों पर कोरोना काल वर्ष 2020 से पूर्व जिन यात्री ट्रेनों का ठहराव था,उन्हें पुनः प्रारंभ करने हेतु पत्रों के माध्यम से गाड़ी संख्या 18234 बिलासपुर- इंदौर,18233 इंदौर- बिलासपुर, 18258 चिरमिरी- बिलासपुर, 18257 बिलासपुर-चिरमिरी का ट्रेनों का वेंकटनगर व निगौरा रेलवे स्टेशन एवं गाड़ी संख्या 18235 भोपाल- बिलासपुर, 18236 बिलासपुर- भोपाल, निगौरा रेलवे स्टेशन पर ठहराव (स्टॉपेज) की मांग की गई थी। रेलवे प्रबंधन से 15 दिवस के अंदर कार्यवाही की अपेक्षा की गई थी,किंतु आज दिनांक तक कोई संतोषजनक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।इसके पश्चात भी विधायक द्वारा स्मरण पत्र के माध्यम से पुनः निवेदन किया गया, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। 
                   कांग्रेस जनों ने मांग की है कि पुष्पराजगढ़ विधायक द्वारा प्रस्तुत पत्रों पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए वेंकटनगर एवं निगौरा रेलवे स्टेशनों पर मांग अनुसार यात्री ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
                           ज्ञापन में कहा गया है कि सभी मांगें अनूपपुर जिले की जनता के दैनिक जीवन,सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं से सीधे जुड़ी हुई हैं।अतः जनहित को ध्यान में रखते हुए उपरोक्त मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाए।
       पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने एक अन्य ज्ञापन महाप्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नाम स्टेशन प्रबंधक अनूपपुर को दिया है।जिसमें उन्होंने अपने पूर्व के पत्रों का,कलेक्टर अनूपपुर के पत्र, अनुविभागीय दंडाधिकारी जैतहरी के पत्र का उल्लेख तो किया ही है साथ ही बिलासपुर से वाणिज्य प्रबंधक के आए अलग-अलग पत्रों का भी उल्लेख करते हुए कहां है कि वेकटनगर-निगौरा स्टेशनों में कोरोना काल 2020 के पूर्व जिन यात्री ट्रेनों के ठहराव (स्टापेज) था उन्हे पुनः आदेशित कर ठहराव (स्टापेज) आदेश जारी किया जाए।
        पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने कहा कि दिनांक 21/02/2026 को वेंकटनगर में उनके नेतृत्व में रेल रोको आंदोलन के दौरान धरना प्रदर्शन में रेल प्रशासन की ओर से सहायक वाणिज्य प्रबंधक उपस्थित हो कर एवं अनुविभागीय अधिकारी जैतहरी, तहसीलदार जैतहरी की उपस्थिति में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओ.पी.) द.पू.म.रे. बिलासपुर से चर्चा कर 02 माह में मांग पूर्ण कराने का आश्वासन दिया गया।परंतु आज 05 माह बीत जाने के बाद भी उक्त स्टेशनों में ट्रेनों के ठहराव (स्टापेज) ना होने से जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है।पुष्पराजगढ़ विधायक ने ज्ञापन के माध्यम से रेलवे अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा है कि त्वरित ट्रेनों के ठहराव (स्टापेज) किया जाए ताकि आंदोलन की स्थिति निर्मित ना हो सके।
            इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस के अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान, पुष्पराजगढ़ विधानसभा के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को, आदिवासी विभाग के जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह मार्को, नगरीय निकाय के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष त्रिपाठी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, जिला कांग्रेस के महामंत्री सतेंद्र स्वरूप दुबे, पार्षद रियाज अहमद, मंडल अध्यक्ष रजन सिंह राठौड़, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा,  एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रफी अहमद, विधानसभा अध्यक्ष अनूपपुर सैफ रिजवी, जनपद अध्यक्ष जैतहरी राजीव सिंह, शिवकुमार गुप्ता, वासुदेव चटर्जी, संतोष पांडे, मयंक त्रिपाठी, पिकू गुप्ता, गुड्डा सोनी, संजीव गौतम, गुलाब पटेल, संध्या वर्मा, गरिमा सिंह, संतोष यादव, निलेश भट्ट, जिला सचिव सुमन राय, सरपंच वैक्टनगर हेमा प्रधान, जिला अध्यक्ष संस्कृतिक प्रकोष्ठ नीरज मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य रेखा राठौड़सहित काफी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।.

Post a Comment

0 Comments