Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

पीएम जन-मन योजना के कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के दिए दिशा निर्देश

 

(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)

अनूपपुर (अंचलधारा) कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में प्रधानमंत्री जन-मन योजना की समीक्षा करते हुए आयुष्मान कार्ड,आधार कार्ड,ई-केवायसी तथा जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य अनुसार कार्य में शत्-प्रतिशत् प्रगति लाने के निर्देश दिए। 
                    बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा,जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त,तहसीलदार,जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी,जिला स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 
          बैठक में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने पीएम जन-मन योजना के तहत जिले के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह बैगाओं के उत्थान के लिए संचालित शासन की प्राथमिकता की योजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। 
                       समीक्षा के दौरान आधार अपडेशन कैम्प में सीएससी ऑपरेटरों की उपलब्धता नही होने से कार्य की प्रगति नही पाए जाने पर सीएससी के जिला प्रबंधक को जवाबदेही से कार्य सुनिश्चित कराने की चेतावनी दी।उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
            उन्होंने बैगा जनजातियों के जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के लक्ष्य अनुसार कार्य में प्रगति लाने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए।उन्होंने कहा कि पीवीटीजी के तहत लक्षित सभी बैगाओं के शत्-प्रतिशत् जाति प्रमाण पत्र अभियान के रूप में बनाया जाना सुनिश्चित करें।उन्होंने राजस्व अधिकारियों को जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के कार्य को तीन दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने पीएम गति शक्ति पोर्टल में अपडेषन की कार्यवाही भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास के स्वीकृति की कार्यवाही भी शीघ्रता से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।

Post a Comment

0 Comments