Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

किसानो का सम्मान शासन की पहचान - बिसाहूलाल सिंह

 

  (हिमांशू बियानी / जिला ब्यूरो)

      मुख्यमंत्री किसान
 कल्याण योजना का शुभारंभ
अनूपपुर (अंचलधारा) खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने ज़िले के कृषकों को संदेश दिया है कि शासन निरंतर कृषि आय में वृद्धि करने एवं कृषि को आकर्षक व्यवसाय बनाने के लिए प्रयासरत है। तकनीकि मार्गदर्शन, उन्नत बीज खाद की उपलब्धता, उपार्जन की उचित व्यवस्था, कीट व्याधि, बाढ़, अल्प वर्षा, अतिवर्षा अन्य प्राकृतिक

आपदाओं में कृषकों को सम्बल प्रदान करने के साथ-साथ कृषि उत्पादों की अच्छे दाम उपलब्ध कराने में शासन द्वारा कृषक भाइयों को सतत रूप से सहयोग प्रदान किया जा रहा है। कृषकों का हित सर्वोपरि है। किसान भाइयों का सम्मान शासन की पहचान है। खाद्य मंत्री श्री सिंह एनआईसी कक्ष में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के शुभारम्भ अवसर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए।
                        उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजनांतर्गत ज़िले के 68861 कृषक परिवार लाभान्वित होंगे। उक्त में से 11475 कृषक अनूपपुर, 15484 कृषक कोतमा, 11518 कृषक जैतहरी एवं 30384 कृषक जैतहरी के निवासी हैं। खाद्य मंत्री द्वारा आज बलबहरा के कृषक शिवकुमार राठोर, परासी के कृषक धनीराम सिंह, सिवनी के कृषक मोहनलाल राठोर, खाड़ा के हनुमान दास महरा एवं सामतपुर के सुंदरलाल राठोर को मुख्यमंत्री कृषि कल्याण योजना की प्रथम किश्त 2000 रुपए सांकेतिक रूप से चेक के माध्यम से प्रदान किए गए।
          खाद्य मंत्री श्री सिंह ने एनआईसी कक्ष में अनूपपुर ज़िले के किसान बंधुओं सहित मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के राज्यस्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान के उदबोधन का श्रवण एवं दर्शन किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजनांतर्गत पीएम किसान योजना के पात्र प्रदेश के 77 लाख कृषक परिवारों को 4000 रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त होगी। उक्त राशि की प्रथम किश्त का मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा राज्यस्तरीय कार्यक्रम में ऑनलाइन कृषकों के खातों में अंतरण किया गया।
     इस दौरान कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत मिलिंद नाग़देवे, एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, उप संचालक कृषि एन॰डी॰ गुप्ता सहित सम्बंधित विभागीय अधिकारी एवं कृषक बंधु उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments