Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

पुष्पराजगढ़ में कांग्रेस ने दिया धरना प्रदर्शन सौपा ज्ञापन राहुल गांधी काफिले पर भाजपा हमले की कि जोरदार निंदा

 

25 तक मजदूरी नहीं तो 
26 को जप. में ताला-फुन्देलाल 
(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)
अनूपपुर (अंचलधारा) पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को के नेतृत्व में एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रमेश सिंह की उपस्थिति में जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लीला टोला ने संयुक्त रूप से पुष्पराजगढ़ मुख्यालय में कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं ने धरना,प्रदर्शन कर दो अलग-अलग ज्ञापन सौपे।एक ज्ञापन राष्ट्रपति 
महोदया एवं एक ज्ञापन मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम सौपा गया।
          ज्ञापन प्रमुख रूप से भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हुए हमले को लेकर एवं मजदूरों की मजदूरी एवं पुष्पराजगढ़ की सुविधाओं को लेकर दिया गया।ज्ञापन अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पराजगढ़ को दिया गया।
                        काफी संख्या में उपस्थित कांग्रेस जनों ने पुष्पराजगढ़ में धरना,प्रदर्शन कर ज्ञापन सौपा।इस अवसर पर पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी की ज्ञापन में उल्लेखित मांगों पर त्वरित ध्यान दिया जाए।उन्होंने कहा कि मजदूरों की मजदूरी का भुगतान यदि 25 जनवरी तक नहीं हुआ तो 26 जनवरी को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में ताला लगा दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
                ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व मे 14 जनवरी 2024 से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शुभारंभ किया गया था और यह यात्रा जब असम राज्य के लखीमपुर में पहुंची तो इस भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया।भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पोस्टर-बैनर फाड़े और गाड़ियों में तोड़फोड़ की।ये कायराना और शर्मनाक हरकत दिखाती है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मिल रहे प्यार और जनसमर्थन से भाजपा सरकार घबरा गई है,डर गई है।इस तरह से हमला करना भारतीय लोकतंत्र के तहत बिल्कुल गलत है।भाजपा असम में अपने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के माध्यम से लोकतंत्र की हत्या कर रही है।जिसका भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निंदा करती है।
                 कांग्रेस ने राष्ट्रपति महोदया से बिगड़ते लोकतंत्र व्यवस्था के खिलाफ उचित कार्यवाही हेतु ज्ञापन प्रस्तुत किया है।
                    वही दूसरा ज्ञापन मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पराजगढ़ के माध्यम से दिया गया।जिसमें मजदूरी भुगतान एवं पुष्पराजगढ़ की मूल-भूल सुविधाओं के संबंध में ध्यान आकृष्ट किया गया।
                ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लीला टोला पुष्पराजगढ़ ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के 119 ग्राम पंचायतो एवं अन्य विभागों द्वारा कराये गये निर्माण कार्यो में लगे मजदूरों की मजदूरी भुगतान लगभग 10 (दस करोड) रूपये का भुगतान 5-6 माह से भुगतान किया जाना शेष है भुगतान किये जाने का ज्ञापन दिनांक 19/01/2024 को देकर प्रशासन से मांग किया गया था कि त्वरित दिनांक 22/01/2024 तक कराने का अनुरोध किया गया था परंतु 23_01/2024 तक भी नहीं किया गया है।मजदूर परेशान है भुगतान अतिशीघ्र कराया जाय।
ग्राम पंचायत चिल्हियामार मार्ग की समस्या के बारे में उच्च अधिकारियों से सतत सम्पर्क व निवेदन के बाद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।एक व्यक्ति शासकीय मार्ग को अवरूद्ध किया हुआ है त्वरित हल कराया जाय।विद्युत विहीन ग्राम मजराटोला में तत्काल विद्युतीकरण कराया जाय।पुष्पराजगढ़ क्षेत्र अंतर्गत पहुच विहीन ग्रामों को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाय।जनजातीय बहूल्य क्षेत्र पुष्पराजगढ़ में सतही जल निरंतर घट रहा है समूल जल प्रदाय योजना के माध्यम से शुद्ध पेय जल उपलब्ध कराया जाय।वाटर शेड के मिशन के द्वारा कराया गया निर्माण कार्यो में लगे मजदूरों, वाहनों का भुगतान कराया जाय।बैंगा आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों को अतिशीघ्र पारंभ कराया जाय।
            मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन से ज्ञापन में उल्लेखित समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कर त्वरित निदान किये जाने की मांग की गई है।
                      इस अवसर पर प्रमुख रूप से पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को,जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह,जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष पांडे के साथ ही सुखराम सिंह मरावी ब्लॉक अध्यक्ष लीला टोला,आशुतोष सिंह मार्को,माखनलाल सिंह,पोसलाल सिंह,संतलाल सिंह, ललन यादव,आनंद कुमार आदि कांग्रेस कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments