Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

सरकार कर रही प्रतिबद्धता के साथ कार्य पुल के निर्माण से आवागमन,शिक्षा,स्वास्थ्य का मार्ग प्रशस्त होगा-बिसाहूलाल

 

(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)

अनूपपुर (अंंचलधारा) पड़रिया-धनगवां मार्ग में कठना नदी पर पुल में पहुंच मार्ग के निर्माण से अनूपपुर व शहडोल जिले के लोग आसानी से आवागमन कर सकेंगे।पहले रपटा पुल होने से नदी में बहाव अधिक होने से आवागमन अवरूद्ध होता था और बहुत सी कठिनाईयों का सामना ग्रामीणों को करना पड़ता था। ग्रामीणों की मांग पर राज्य शासन द्वारा यह उपलब्धि क्षेत्रीय लोगों को प्रदान की गई है।कठना नदी पर पुल के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार आदि के लिए भी आसानी होगी। 
                          उक्त आशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने ग्राम पड़रिया में धनगवां पूर्वी- धनपुरी मार्ग पर पड़रिया घाट में कठना नदी पर पुल एवं पहुंच मार्ग अनुबंधित लागत राशि 365.97 लाख रुपये से स्वीकृत पुल का भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर जैतपुर विधायक मनीषा सिंह, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, तहसीलदार अनूपपुर  भागीरथी लहरे,सिद्धार्थ शिव सिंह,उदय प्रताप सिंह, शिवरतन वर्मा,राकेश गुप्ता, ग्राम पंचायत धनगवां पूर्वी के सरपंच सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।  
            उन्होंने इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि की कोई कमी नही होगी। विकास के हर संभव प्रयास सम्पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कार्य कर रही केन्द्र सरकार तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार द्वारा क्रियान्वित किए जाने वाली योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रत्येक पात्र लोगों से लाभ उठाने की अपील की गई। 
     खाद्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कि गरीब की थाली कभी न रहे खाली की मूल भावना को म.प्र. शासन साकार कर रही है। हर पात्रों को खाद्यान्न उपलब्ध हो इसके लिए बड़े पैमाने में कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न प्रदाय व्यवस्था का सरलीकरण किया गया है।

ग्राम मझगवां में 49.73 
लाख की नल-जल योजना 
का मंत्री ने किया लोकार्पण


सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का जिले में बेहतर क्रियान्वयन के तहत कार्य किया जा रहा है। इसी के तहत जैतहरी जनपद क्षेत्र के ग्राम मझगवां में जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत 49.73 लाख की लागत से निर्मित रेट्रोफिटिंग नल-जल योजना मझगवां का लोकार्पण मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह द्वारा किया गया।इस अवसर पर विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, त्रिस्तरीय पंचायत राज के जनप्रतिनिधिगण,सिद्धार्थ शिव सिंह,उदय प्रताप शिवरतन वर्मा,पुष्पा पटेल,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र मिश्रा,एसडीओ दीपक साहू तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। 
            कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के खाद्य,नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि हर घर में नल से जल उपलब्ध कराए जाने के तहत सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ही जिले में सुविस्तारित कार्य किया जा रहा है।शासन की यह बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है। वर्ष 2024 तक हर घर में नल से जल उपलब्ध कराने के लिए लक्ष्य रखकर सरकार इस दिशा में तत्परता से कार्य कर रही है।अनेक क्षेत्रों में इस योजना के तहत लाभ मिलना भी प्रारम्भ हो गया है।इसी के तारतम्य में ही मझगवां ग्राम को यह सौगात प्राप्त हुई है।उन्होंने मझगवां ग्रामवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि हर-घर नल की व्यवस्था सुचारू बनी रहे,इसके लिए सभी ग्रामवासी सुरक्षा के लिए सजग रहकर पेयजल व्यवस्था पर नजर रखें।उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास कार्यों की जानकारी देते हुए अनेक विकास कार्यों की जानकारी साझा की तथा कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में वर्ष 2024 तक हर छूटे गांवों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में भी नदी-नाल के बहते पानी को रोककर बांध बनाकर उस पानी को फिल्टर कर गांववासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के प्रयास हो रहे हैं। कोई भी पात्र व्यक्ति पक्के मकान और हर गांव पेयजल आपूर्ति से वंचित नही रहेगा। इस दिशा में जिले में प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले से जो प्रस्ताव नल-जल योजना के संबंध में राज्य शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं, उन्हें स्वीकृत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में खाना, पानी और उसका खुद का पक्का मकान जरूरी है। जिसके लिए सरकार द्वारा प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments