Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

अनूपपुर जिले को आदर्श जिला बनाएंगे-बिसाहूलाल सिंह

 

बरबसपुर-भोलगढ़ मार्ग का खाद्य मंत्री ने किया भूमि पूजन
कार्यों पर जताया असंतोष कहां सीएम से करूंगा शिकायत
            (हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो) 
अनूपपुर (अंंचलधारा) राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का जिले में बेहतर क्रियान्वयन कर अनूपपुर जिले को आदर्श जिला बनाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। 
                 उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने ग्राम बरबसपुर में बरबसपुर-भोलगढ़ मार्ग लागत 303.63 लाख का भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने इस अवसर पर अनूपपुर जिले के पीडब्ल्यूडी,पीआईयू,डब्ल्यूआरडी,पीएचई के जिम्मेदार अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उनको आड़े हाथों लिया और कहां की शासन की तमाम योजनाओं,मुख्यमंत्री द्वारा घोषित योजनाओं के निर्माण कार्यों मे अनूपपुर जिले के संबंधित अधिकारी समय सीमा की अनदेखी कर रहे हैं। जिससे शासन की योजनाओं का लाभ समय पर लोगों को नहीं मिल पा रहा है उन्होंने कहा कि वह इस बात की शिकायत मंत्री मुख्यमंत्री से करेंगे।
                          इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना,जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह,विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, जिला भाजपा अध्यक्ष बृजेश गौतम,ज्ञानेन्द्र सिंह परिहार,जीतेन्द्र सोनी,शिवरतन वर्मा,रश्मि खरे, सरपंच बरबसपुर बेसाहूलाल रौतेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।  
                    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आम जन को योजनाओं का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान संचालित किया जा रहा है।जिसके तहत हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।जिनका हितलाभ वितरण आगामी 01 नवम्बर से 07 नवम्बर के बीच किया जाएगा।उन्होंने कहा कि अनूपपुर का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है।
                उन्होंने विभिन्न विकास विभागों द्वारा जनहितैषी कार्यों को समय-सीमा में करने पर बल दिया।उन्होंने कहा कि योजनाओं का मैदानी क्रियान्वयन जरूरी है,ताकि आम जन लाभान्वित हो सके। 
                 कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन सरपंच बरबसपुर बेसाहूलाल रौतेल ने दिया।वहीं बरबसपुर के ज्ञानेन्द्र सिंह परिहार ने क्षेत्रीय मांगों के संदर्भ में ध्यान आकर्षण किया। कार्यक्रम का संचालन नवनीत प्रताप सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम बरबसपुर निवासी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संकल्प सिंह का खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने शॉल-श्रीफल से सम्मान किया।

खाद्य मंत्री ने कहा विकास कार्यों 
के लिए धन की कोई कमी नही


अनूपपुर विधानसभा क्षेत्रांतर्गत ग्राम पिपरिया में मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने पिपरिया-पोंड़ी-दुधमनिया पहुँच मार्ग लम्बाई 7 किमी लागत 509.51 लाख तथा पिपरिया- कुसुमहाई-अनूपपुर मार्ग लागत 220.30 लाख का भूमिपूजन तथा जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया के 14 कक्ष लागत 173.28 लाख का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, जिला भाजपा अध्यक्ष बृजेश गौतम,रश्मि खरे,सरपंच दुक्खू कोल,पार्षद अनिल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। 
     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए सतत् रूप से कार्य कर रही है। विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से जन सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के संबंध में विस्तार से प्रकाश डाला तथा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ लेने का आव्हान किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नही होगी। उन्होंने शासकीय उ.मा.वि. पिपरिया के 14 कक्षों का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे आसपास के ग्रामों के बच्चों के पढ़ाई के लिए सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने व परिवार का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने का भी आव्हान किया।

Post a Comment

0 Comments