Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

सबका साथ,सबका विश्वास,सबका विकास भावना को लेकर दलगत राजनीति से हटकर करें विकास-बिसाहूलाल

 

जनपद पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष 
सदस्यों का शपथ संपन्न 
(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)
अनूपपुर (अंंचलधारा) सबका साथ, सबका विश्वास,सबका विकास की भावना को लेकर दलगत राजनीति से हटकर एकजुटता के साथ जनपद पंचायत अनूपपुर क्षेत्र के विकास कार्य के लिए निर्वाचित सभी जनप्रतिनिधि पूरी तन्मयता के साथ कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपने कार्यों में लग जाएं।
                         उक्त आशय के सारगर्भित विचार जनपद पंचायत अनूपपुर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के शपथ समारोह में मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं विधानसभा क्षेत्र अनूपपुर के विधायक बिसाहूलाल सिंह ने शपथ समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं हम आप सब मिलकर जनता से जो वादा करके आए हैं उस पर अब जनमानस के समक्ष विश्वास में खरे उतरना है।उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए शासन के पास धन राशि की कमी नहीं है।खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा की संघर्ष ही जीवन है इस जीवन को सुचारू रूप से चलाए जाने के लिए संघर्ष आवश्यक है।सभी जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर क्षेत्र के विकास में अपनी अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करना है जिससे क्षेत्र का बेहतर से बेहतर विकास हो सके।

मांग पत्र पर 
होगा क्रियान्वयन


अपने उद्बोधन में खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि सभी जनपद सदस्य अपने अपने क्षेत्र का प्रस्ताव लेकर  शासन,प्रशासन व हमारे पास आ जाएं सभी के प्रस्ताव एवं मांग पत्र पर शासन से प्रस्ताव को पारित कराकर सभी को विकास कार्य की जिम्मेदारी दी जाएगी।

20 लाख की लागत से 
बनेगा जनपद कार्यालय


कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी उषा किरण गुप्ता ने मंत्री बिसाहूलाल सिंह को मांग पत्र सौंपी।जिसमें फर्नीचर, जनपद कार्यालय के भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की।जिस पर मध्यप्रदेश शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने मंच से घोषणा की कि 20 लाख की लागत से जनपद पंचायत का कार्यालय बनेगा और उसके लिए फर्नीचर की व्यवस्था भी की जाएगी साथ ही समस्त कर्मचारियों के रहने की आवास की व्यवस्था भी कराई जाएगी।

जनपद पंचायत क्षेत्र की 
सरकार चलाने की शपथ ली


जिले के जनपद पंचायत अनूपपुर की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती धनमती सिंह, उपाध्यक्ष तेजभान सिंह पिंटू एवं अन्य सभी जनपद सदस्यों ने जनपद पंचायत अनूपपुर क्षेत्र अंतर्गत सरकार चलाने के लिए शपथ लिया।सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों,जनपद सदस्य को जनपद पंचायत बदरा अनूपपुर में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी उषा किरण गुप्ता ने शपथ दिलाई।यह कार्यक्रम साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड बदरा कालरी क्षेत्र के सामुदायिक भवन में आयोजित हुआ।शपथ समारोह कार्यक्रम ऐतिहासिक ढंग से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खाद्य  नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह थे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छाया चित्र पर दीप प्रज्वलित के साथ किया गया। 

इन्होंने दिया उद्बोधन

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रामदास पुरी, सिद्धार्थ शिव सिंह, राजू जायसवाल के साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अपने उद्बोधन में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई शुभकामनाएं देते हुए कदम से कदम मिलाकर चलने का वादा किया।

आतिशबाजी गाजे-बाजे 
के साथ मंत्री का स्वागत


जनपद अध्यक्ष,उपाध्यक्ष शपथ समारोह कार्यक्रम के दौरान खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह जब बदरा सामुदायिक भवन पहुंचे तो समस्त कार्यकर्ता एवं अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा आतिशबाजी, गाजा बाजा, पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम मे रहे उपस्थित

शपथ समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  बिसाहूलाल सिंह के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम,एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, भाजपा कार्यकारी सदस्य रामदास पुरी, रामनरेश गर्ग, नवल किशोर सराफ, वरिष्ठ भाजपा नेता मुनेश्वर पाँडेय,दुर्गावती पटेल,मुकेश पटेल,अमित द्विवेदी, राजू जायसवाल,डा.केशी जैन,अमृतलाल केवट,भारती केवट, मुरली गौतम, शिवप्रसाद सोनी, पृथ्वीराज सिंह, अनुज शुक्ला, संतलाल साहू, उमादत्त शुक्ला, श्रीराम भूषण, रामस्वरूप विश्‍वकर्मा, शिवभान सिंह, सकुंतला, शुक्ला,अवधशरण गौतम,बलराम तिवारी, विनोद तिवारी, बिलाल अहमद,तेजवती,सुशीला सिंह, केदार सिंह, चरण सिंह, अशोक लाल आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 

अध्यक्ष,उपाध्यक्ष ने
किया आभार व्यक्त

जनपद पंचायत अनूपपुर की जनपद अध्यक्ष धनमती सिंह, उपाध्यक्ष तेजभान सिंह पिन्टू ने सभी अतिथियों एवं आमजनों व समस्त जनपद सदस्यगण जनपद पंचायत बदरा अनूपपुर क्षेत्र के समस्त अधिकारी कर्मचारी एवं पत्रकार बंधुओं व समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त
किया।

Post a Comment

0 Comments