(हिमांशू बियानी / जिला ब्यूरो)
अनूपपुर। (अंचलधारा) भारतीय जनता पार्टी के चुनाव कार्यालय में कोर कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक लेने हेतु प्रदेश की आदिमजाति कल्याण विभाग की मंत्री सुश्री मीना सिंह पहुंची। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष बृजेष गौतम प्रदेष उपाध्यक्ष रामलाल रौतेल, पूर्व विधायक दिलीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रूपमती सिंह, पूर्व विधायक सुदामा सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष आधाराम वैश्य, वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश द्विवेदी, सिद्धार्थ शिव सिंह, रामअवध सिंह, भूपेन्द्र सिंह सेंगर की उपस्थिति में पदाधिकारियों से उपचुनाव को लेकर चर्चा की गई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह के हवाले मिली जानकारी के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेष गौतम ने उपचुनाव को लेकर संगठन की चल रही गतिविधियों की तमाम जानकारी सभी के समक्ष रखते हुए कहा की पार्टी चुनाव मैदान में है और हर कार्यकर्ता पदाधिकारी को कड़ी मेहनत और लगन के साथ काम करने की आवष्यकता है। सभी की जिम्मेदारियों बूथ स्तर से लेकर सेक्टर तक की तय कर दी गई है। गत दिनो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर उस मांग को पूरा किया जो इस जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मप्र के विकासवादी सोच को लेकर जनता के बीच हम सभी को जाना है। कांग्रेस वेल्टीनेटर पर है और उनके पास इस चुनाव में लड़ने का कोई आधार नहीं है। प्रदेष की मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कोर समिति के सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उपचुनाव काफी कठिन होता है और इसे जीतने के लिए कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता होती है। हमारे पास विजन है, लेकिन कांग्रेस के पास कुछ भी नहीं है। इसलिए हमे इस चुनाव में जनता के बीच भाजपा सरकार की तमाम उपलब्धियों को लेकर जाने की आवष्यकता है और वहीं कमलनाथ सरकार के दौरान सभी काम बंद हो गए थे, इसे बताने की जरूरत है। यह चुनाव हरहाल में जीतना होगा, तभी कार्यकर्ताओं का मान सम्मान बरकरार रहेगा। सरकार बचाना हम सबकी जवाबदारी है। किसी के मन में कोई बात हो तो उसे दूर करके चुनाव में लग जाना चाहिए। उन्होने अपने जीवन के संघर्ष के बारे में भी कई उदाहरण प्रस्तुत करते हुए इस बात का आभास कराया कि संघर्ष के बाद किस तरह से सफलता हासिल होती है। सुश्री मीना सिंह ने कहा कि आज जो सरकार मप्र से लेकर केंद्र सरकार में कारिज है उसके पीछे कार्यकर्ताओं की पूरी भूमिका है। जिसके दम पर आज इतना बड़ा संगठन कार्य कर रहा है। अनूपपुर के विकास के लिए कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। हम दोनो भाई-बहन मिलकर इसके विकास के लिए काम करेंगे। मीना सिंह ने मंत्री बिसाहूलाल सिंह जी को कहा कि वह तो विकास के लिए काम कर रहे है, लेकिन उनकी बहन भी अनूपपुर जिले के विकास के लिए पीछे नहीं रहेगी। आज भी हम शहडोल,उमरिया,अनूपपुर को भाई-भाई ही मानते हैं। तीनो जिले हमारे लिए एक समान हैं। किसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी को यदि कोई कार्य हो तो वह व्यक्तिगत उन्हे फोन पर सूचित कर सकता है या व्हाट्सएप के माध्यम से भी अवगत करा सकता है। वह हर कार्य को पूरा करने का प्रयास करेंगी। कोर कमेटी की बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवरतन वर्मा, फुक्कू सोनी, दिनेश राठौर, मुकेश पटेल तथा जिले के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments