Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

संभागीय संगठन मंत्री के प्रवास से कार्यकर्ताओं का उत्साह उफान पर सेक्टर स्तर पर गुपचुप बैठकों का दौर जारी

   (हिमांशू बियानी / जिला ब्यूरो)
अनूपपुर (अंचलधारा) विधानसभा उप चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी के संभागीय संगठन मंत्री श्याम महाजन के अचानक यहाँ पहुंचने के बाद विगत चार दिन से  जिले के शीर्ष नेताओं के बिना जिस तरह से उनका सेक्टर स्तर पर प्रवास हो रहा है, उससे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का मनोबल तेजी से बढा है।  पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंचीय कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामलाल रौतेल द्वारा मंच से दूर कार्यकर्ताओं के बीच बैठने के अलग अलग अर्थ लगाए गये। कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के बीच सबकुछ ठीक ना होने की खबरों के बीच म प्र सरकार की कैबिनेट मंत्री सुश्री मीना सिंह चार दिन से अनूपपुर में हैं। लोगों का पूरा ध्यान उनके इर्द गिर्द होने के कारण संगठनात्मक गतिविधियां समाचार की सुर्खियों से दूर रही हैं।
   लगभग इतने ही समय से प्रचार - प्रसार से दूर संभागीय संगठन मंत्री एक ओर वरिष्ठ नेताओं से अलग अलग मिलते जुलते देखे गये तो दूसरी ओर जिलाध्यक्ष सहित अन्य नेताओं के बिना सेक्टर स्तर पर निरंतर बैठकें कर रहे हैं। विधानसभा अनूपपुर में पांच मंडलों मे बीस से अधिक सेक्टर बनाए गये हैं। जिनके लिये प्रभारी ,सह प्रभारियों की घोषणा कर दी गयी है। भाजपा प्रत्याशी की अधिकृत घोषणा ना होने के बावजूद मंत्री बिसाहूलाल सिंह का प्रत्याशी होना लगभग तय किया जा चुका है। उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह से है। विजय सुनिश्चित करने के लिये केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के दो से अधिक प्रवास हो चुके हैं। स्वत:  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आम सभा संपन्न हो चुकी है। प्रभारी राजेन्द्र शुक्ला, संजय पाठक ने मोर्चा संभाल रखा है। भगवानदास सबनानी ने कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष रामलाल रौतेल को चुनाव संचालक बना कर विपक्ष की तगडी घेरे बन्दी की गयी है। आन्तरिक चर्चा के अनुसार अतिशीघ्र बिसाहूलाल सिंह तथा रामलाल के विधानसभा क्षेत्र में संयुक्त प्रवास की रणनीति पर कार्य किया जा रहा है।
लेकिन उससे पूर्व श्री महाजन के सेक्टरों में गोपनीय प्रवास से नेताओं में खलबली है तो दूसरी ओर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अनूपपुर शहर,अनूपपुर ग्रामीण, जैतहरी, फुनगा ,पसान मंडल के लगभग सभी सेक्टरों मे संगठन मंत्री के गंभीर प्रयत्नो के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का यह उत्साह कांग्रेस पर भारी पड सकता है।

Post a Comment

0 Comments