Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कृषि के साथ पशुपालन कर कृषक आय में वृद्धि करें

 

(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)

अनूपपुर (अंंचलधारा) खेती के साथ पशुपालन कर कृषक अपनी आय में वृद्धि करे।भारतीय नस्ल की गायों का पालन कर दुग्ध का विक्रय तथा गोबर का खेती में उपयोग कर समृद्धि के प्रयास करना किसानों के लिए हितकर है। 
                  उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कार्यालय उप संचालक पशुपालन विभाग प्रांगण पुरानी बस्ती अनूपपुर में आयोजित मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना अंतर्गत भारतीय नस्ल की दुधारू गायों में सर्वाधिक दूध उत्पादित करने वाली गाय के जिला स्तरीय प्रतियोगिता के पुरूस्कार वितरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीती सिंह ने की।कार्यक्रम में विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष एवं जिला भाजपा अध्यक्ष रामदास पुरी,नगरपालिका अनूपपुर की उपाध्यक्ष सोनाली तिवारी,पार्षद अनिल पटेल,जीतेन्द्र सोनी, पशुपालन विभाग के उप संचालक डाॅ.ए.पी.पटेल, पूर्व उप संचालक डाॅ. व्ही.पी.एस.चौहान सहित पशुपालक,कृषक तथा नागरिक उपस्थित थे।    
              उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 12 एवं 13 फरवरी को कार्यालय उपसंचालक पशुपालन विभाग में किया गया।प्रतियोगिता में 3 सर्वाधिक दूध उत्पादन करने वाली गायों का औसत उत्पादन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रुप में चयन किया गया।जिसमें ग्राम जमुना निवासी विनोद यादव की साहीवाल गाय ने 13.69 लीटर प्रति दिवस दुग्ध उत्पादन कर प्रथम स्थान, ग्राम सिवनी निवासी मिथिलेश सिंह की गिर गाय ने 12.60 लीटर प्रति दिवस दुग्ध उत्पादन कर द्वितीय स्थान तथा ग्राम दुलहरा निवासी दीनबंधु पटेल की गाय ने 11 लीटर प्रति दिवस औसत दुग्ध उत्पादन कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। 
           कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय गायों के पशुपालकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 11 हजार की राशि पशुपालकों के खातों में अंतरित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments