Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

एकात्म मानव दर्शन को जमीन पर उतारने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया-मंत्री बिसाहूलाल सिंह

 

पं.दीनदयाल की 
पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनाई 
(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)
अनूपपुर (अंंचलधारा) एकात्म मानववाद के प्रणेता पं.दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को अनूपपुर के सभी बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए  समर्पण दिवस के रूप में मनाया।मध्यप्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह एवं अनूपपुर भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम ने  पं.दीनदयाल  की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
                     इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि पं.दीनदयाल उपाध्याय ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का भाव रखते हुए सबके प्रगति और विकास के लिए एकात्म मानववाद का सृजन किया।उनके विचारो के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेकों जन- कल्याणकारी योजनाएं बनाई है।रोटी,कपडा,मकान,पढाई, दवा और रोजगार यह उसी एकात्म मानववाद से निकले विचार है।सबका साथ,सबका विकास और सबका विश्वास यही एकात्म मानव दर्शन है,जिसको जमीन पर उतारने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  कर रहे हैं।
                उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जी-20 की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ रखी,जिसका अर्थ है सारी दुनिया एक परिवार है। प्रधानमंत्री जी ने कहा कि ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ यह एकात्म मानव दर्शन है जिस पर भारतीय जनता पार्टी काम कर रही है।सबका कल्याण हो, सब निरोगी हों, सभी सुखी हों और हमारा देश पूरी दुनिया को मार्ग दिखाए।भारतीय जनता पार्टी एक आदर्श पार्टी है, जो स्वयं अपने कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई समर्पण निधि से पार्टी के कार्यों को करती है। 
               इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम  ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि हम सभी के श्रद्धा और आदर्श के केंद्र पं.दीनदयाल उपाध्याय ने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के लिए एक ऐसा दर्शन दिया, जिसके आधार पर चलकर आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। राजनीतिक दल बनने के बाद भारत भर में आज पंच-सरपंच से लेकर देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं।पार्टी के कार्यकर्ता पं.दीनदयाल उपाध्याय  के एकात्म मानव दर्शन व अंत्योदय के विचार को प्रतिपादित करने का काम कर रहे हैं। पं.उपाध्याय जी ने जो विचार दिया उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में और मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान  के नेतृत्व में प्रदेश में हर गरीब का जीवन बदलने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही हैं।भाजपा लगातार पं.दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों पर कार्य कर रही है। 
               श्री गौतम ने कहा कि आज समर्पण का दिन है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में अपने संगठन को सुचिता के साथ आर्थिक दृष्टि से और संगठन को अपने बल पर चला रहे हैं।विशेष तौर पर राजनीतिक दल में यह पद्धति विकसित करने का काम पार्टी ने किया है।पं. दीनदयाल जी की पुण्यतिथि के अवसर पर हम सभी कार्यकर्ता समय के समर्पण के साथ ही अर्थ का समर्पण भी करेंगे।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आज पं.दीनदयाल की पुण्यतिथि के अवसर पर संकल्प के साथ समर्पण करें एवं उनकी बताई पद्धति व विचार पर चलकर कार्य करने का प्रयास करें, जिससें हम संगठन कार्य के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के साथ ही आगामी सभी अभियानों में एतिहासिक सफलता प्राप्त कर सकें।
         इस अवसर पर पार्टी के सभी क्षेत्रों के मंडल अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष के साथ-साथ कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर बूथ स्तर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया और समर्पण निधि के कार्य का शुभारंभ किया।उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।

Post a Comment

0 Comments