Anchadhara

अंचलधारा
!(खबरें छुपाता नही, छापता है)!

मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना भारतीय जनता पार्टी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना- बिसाहूलाल सिंह

 

सामूहिक विवाह में 83 
वैवाहिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
(हिमांशू बियानी/जिला ब्यूरो)
अनूपपुर (अंंचलधारा) यह बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है हर मां-बाप चाहता है कि मेरी बच्ची की शादी हो जाए जब वह बड़ी हो जाती है परंतु धनाभाव के कारण काफी कठिनाई होती है।बहुत ज्यादा लोग कहते हैं ठीक है बच्ची की शादी कर रहे हो इतने लाख रुपए देना और यह सामान देना जब शादी होगी। 
               उक्त आशय के विचार मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के जैतहरी जनपद पंचायत परिसर में आयोजित 83 पात्र

जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि की हैसियत से मध्यप्रदेश शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी चौहान की यह महत्वाकांक्षी योजना है।जिसके तहत आज कन्या विवाह पूरे प्रदेश में संपन्न हो रहे हैं।उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह के उस वक्तव्य पर कटाक्ष करते हुए कहा जिसमें उन्होंने कहा कि यह योजना कमलनाथ के समय से शुरू हुई थी।उन्होंने कहा कि मैं भी उस समय विधायक था कमलनाथ ने कहा था 51 हजार रुपए कन्या विवाह में देंगे 15 माह की सरकार में उन्होंने कितनी कन्याओं का विवाह कराया

कोई बता सकता है।  किन किन को मिला 51 हजार रुपए।उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने झूठ बोला उन्होंने यह भी कहा कि वृद्ध लोगों को 1000 रुपए माह पेंशन देने का वादा किया था।15 माह के कार्यकाल में किस-किस को पेंशन मिली और किस-किस की शादी हुई।खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि यह योजना शिवराज सिंह जी चौहान के द्वारा चलाई गई थी।  कमलनाथ की सरकार के 15 माह में यह योजना समाप्त कर दी गई खत्म कर दी गई।लेकिन आप सभी लोगों के आशीर्वाद से दोबारा जब शिवराज सिंह जी चौहान मुख्यमंत्री बने तो फिर से यह योजना प्रारंभ कर दी गई। 
        उन्होंने बताया कि बेटी बेटियों के विवाह के लिए 38 हजार रुपए का सामान,11 हजार रुपए का चेक एवं 6 हजार रुपए टेंट खाना के लिए इस तरह से 55 हजार रुपए बेटियों की शादी के लिए मध्यप्रदेश की सरकार दे रही है।मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी चौहान हमेशा खासकर बेटियों के विकास के लिए वचनबद्ध है।  उनके पैदा होते ही पढ़ाई तक एवं जब अच्छी पढ़ लेती हैं 12वीं के बाद चाहे वह डॉक्टर बने इंजीनियर बने पूरा खर्चा मध्यप्रदेश की सरकार बेटियों को पढ़ाने के लिए देती है। 
       बेटियों के लिए मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार वचनबद्ध है।आज हर माता-पिता सोचते हैं कि जब बेटी बड़ी होगी तो उसकी शादी कैसे होगी पैसा नहीं होने से बहुत से लोग शादी नहीं कर पाते लेकिन यह योजना मध्य प्रदेश सरकार ने चलाई है।किसी भी जाति समुदाय के लोग हैं तो उनकी शादी

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत की जाती है।आज ही 3 मुस्लिम समुदाय के लोगों की शादी भी की गई।उन्होंने कहा कि कन्या विवाह महत्वाकांक्षी योजना है।इसी तरह मैंने भी तय किया है अपने विभाग से कि आज गांव गांव में सरकारी गल्ला दुकान खोली जाती है।  वहां धान की खरीदी भी की जाती है जिसका कार्य चालू है।  अगर महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं गल्ला बेचने का कार्य करना चाहती है,धान खरीदी का कार्य करना चाहती है तो उन्हें सबसे पहले हम दुकान देंगे ताकि महिलाएं आगे बढ़ सके कन्याओं के लिए यह योजना संचालित की जा रही है।उन्होंने कहा कि जब कोरोना बीमारी आई तो रोज कमाने खाने वाले मजदूर बाजार नहीं आ पा रहे थे जब मध्यप्रदेश की सरकार ने मैंने तय किया कि 5 माह जो गरीब आदमी बाजार काम करने नहीं आ पा रहा हम उनको भी राशन देंगे और उन्हें मुफ्त में राशन दिया गया।आज खेती का समय चल रहा है 20 रुपए 40 पैसे में धान की खरीदी हो रही है।लेकिन हम राशन एक रुपए किलो में दे रहे हैं। 20 रुपए में खरीदते हैं और 1 रुपए में देते हैं।मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार हमेशा गरीबों,किसानों,पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक के विकास के लिए संकल्पित है।उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना में जितने भी बेटे बेटियां,वर-वधू परिणय सूत्र में बंधे हैं विवाह के पवित्र बंधन में बने हैं उन्हें अपनी ओर से आशीर्वाद दिया एवं उनके जीवन सुख समृद्धि से परिपूर्ण रहे जीवन उसकी कामना की एवं बहुत-बहुत बधाई दी। 
                   जनपद पंचायत परिसर जैतहरी में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में जनपद पंचायत जैतहरी, नगरपालिका अनूपपुर, नगर परिषद जैतहरी, नगर परिषद बरगवां (अमलाई) के 83 पात्र जोड़ों का सामूहिक विवाह विधि-विधान अनुसार पुरोहितों द्वारा सम्पन्न कराया गया।  
            समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम जैतहरी विजय डेहरिया ने कहा कि वर्ष 2006 में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निःषक्त, निर्धन और कमजोर परिवारों की सहायता के लिए आम लोगों की भावना और उनकी भागीदारी को दृष्टिगत रखते हुए प्रारम्भ हुई।उन्होंने इस अवसर पर नव दम्पत्तियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।  

गाजे-बाजे के साथ 
हुआ बारात का स्वागत


मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 83 दुल्हों की बारात नगर परिषद चौक जैतहरी से वैवाहिक कार्यक्रम स्थल जनपद पंचायत परिसर जैतहरी तक निकाली गई। जिसमें बारातियों ने झूम-झूम कर नृत्य किया।कार्यक्रम स्थल पर बारात का स्वागत मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। विवाह की रस्म को पूरा करने के लिए सामग्री शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई थी। वहीं वर-वधु पक्ष के खान-पान की व्यवस्था भी सुचारू रूप से की गई थी। 

5 जोड़ों का खाद्य 
मंत्री ने किया कन्यादान


मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 5 कन्याओं का कन्यादान किया। उन्होंने इस अवसर पर नव युगलों को उपहार भी भेंट किए।

मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या 
विवाह इनकी रही उपस्थिति


इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह ओहरिया, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष पार्वती बाल्मिक राठौर, जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह, नगर परिषद जैतहरी की अध्यक्ष नवरत्‍नी विजय शुक्ला, नगर परिषद जैतहरी के उपाध्यक्ष रविंद्र राठौर रवि, एसडीएम जैतहरी विजय डेहरिया, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पुरी, जिला पंचायत के सदस्य भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी, 83 पात्र जोड़ों के अभिभावक व परिजन तथा बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments